सुकन्या समृद्धि योजना, बिटिया की उच्च शिक्षा एवं विवाह के लिए सबसे अच्छा निवेश | Sukanya Samriddhi Yojana in Hindi

Table of Contents

दोस्तों नमस्कार!

केन्द्र सरकार द्वारा पोस्ट ऑफिस एवं विभिन्न बैंकों के माध्यम से संचालित सुकन्या समृद्धि योजना, आपकी बिटिया की उच्च शिक्षा एवं विवाह के लिए अभी से निवेश करने लिए एक अच्छा निवेश विकल्प है।

यदि आप भी शेयर बाजार के जोखिम से दूर रहते हुये किसी सुरक्षित एवं अच्छा रिटर्न देने वाली निवेश योजना की तलाश कर रहे हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करना आपके लिए सबसे उपयुक्त विकल्प है। इस योजना में निवेश करने पर आपको इनकम टैक्स बचाने में भी मदद मिलती है।

अगर आप भी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) में घटती ब्याज दरों से परेशान हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना आपके लिए भी बेहतरीन निवेश विकल्प साबित हो सकती है।

इस आलेख में हम आपको सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में पूरी अपडेट जानकारी प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि योजना से सम्बंधित सभी प्रकार के सवालों के जवाब आपको मिल सकें।

क्या है सुकन्या समृद्धि योजना?

सुकन्या समृद्धि योजना अर्थात एसएसवाई आपकी बेटियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित एक छोटी बचत योजना है। इस योजना को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ स्कीम के तहत प्रारंभ किया गया है। छोटी बचत एवं सुरक्षित निवेश करने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना सबसे बेहतर ब्याज देने वाली योजना है।

बहुत कम धनराशि के साथ खुलने वाला सुकन्या समृद्धि योजना खाता असल में उन परिवारों को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है, जो छोटी-छोटी बचत कर अपनी बिटिया की उच्च शिक्षा या विवाह के लिए रकम जमा करना चाहते हैं।

सुकन्या समृद्धि योजना उन लोगों के लिए बहुत अच्छी योजना है जिनकी आमदनी कम है और जो शेयर बाजार जैसे जोखिम भरे निवेश में पैसा नहीं लगाते हुये अधिक लाभ कमाना चाहते हैं। निश्चित आमदनी के साथ आपके पैसे की सुरक्षा सुकन्या समृद्धि योजना की खासियत है।

एक छोटी से छोटी आमदनी करने वाला व्यक्ति भी इस योजना में बचत प्रारंभ कर अपनी सामर्थ के अनुसार अपनी बिटिया के भविष्य के लिए प्लानिंग कर सकता है।

सुकन्या समृद्धि योजना खाता किसका खोला जा सकता है?

सुकन्या समृद्धि योजना के तहत आप केवल अपनी बिटिया का खाता खुलवा सकते हैं। बिटिया के जन्म के बाद 10 साल के भीतर कम से कम 250 रुपये की धनराशि जमा कर इस योजना में आप अपनी बिटिया का खाता शुरू कर सकते हैं।

सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में कितनी धनराशि जमा कर सकते हैं?

एक चालू वित्त वर्ष में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत कम से कम 250 रूपया तथा अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा कर सकते हैं। किन्तु खाते को चालू रखने के लिए एक वित्तीय वर्ष में कम से कम 250 रूपया जमा अनिवार्य हैं।

लगातार 2 वर्ष तक खाते में धनराशि जमा नहीं करने पर आपका खाता निष्क्रिय हो जाता है। आप 250 रूपये अतिरिक्त पैनाल्टि चुका कर सुकन्या समृद्धि खाते को फिर से शुरू कर सकते हैं।

कहां खुलेगा सुकन्या समृद्धि खाता?

आप सुकन्या समृद्धि योजना का एकाउंट अपने किसी भी नजदीकी पोस्ट ऑफिस या राष्ट्रीयकृत अर्थात नेश्नलाईज बैंक की अधिकृत शाखा में खुलवा सकते हैं।

पोस्ट ऑफिस के अलावा आप सुकन्या समृद्धि योजना का एकाउंट निम्न बैंकों में भी खुलवा सकते हैं-

  1. भारतीय स्टेट बैंक स्टेट
  2. इंडियन बैंक
  3. बैंक ऑफ बड़ौदा
  4. बैंक ऑफ इंडिया
  5. बैंक ऑफ महाराष्ट्र
  6. कैनरा बैंक
  7. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
  8. देना बैंक 
  9. इंडियन ओवरसीज बैंक
  10. पंजाब नेशनल बैंक
  11. पंजाब एंड सिंध बैंक
  12. यूको बैंक
  13. यूनियन बैंक
  14. विजया बैंक 
  15. एक्सिस बैंक लिमिटेड
  16. एचडीएफसी बैंक
  17. आईसीआईसीआई बैंक लि.
  18. आई डी बी आई बैंक लि.

सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खुलवाने के लिए जरूरी दस्तावेज क्या चाहिए?

आपको सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खुलवाते समय अपनी बिटिया का बर्थ सर्टिफिकेट यानि जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा अभिभावक के पहचान और पते का प्रमाण पोस्ट ऑफिस या बैंक में देना होगा। जिसके बाद आपकी बिटिया का सुकन्या समृद्धि खाता खोल दिया जाता है।

सुकन्या समृद्धि खाते को कब तक चलाना होगा?

सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खोलने के बाद आपकी बिटिया के 21 साल के होने तक चलाना होता है। दूसरी स्थिति में बिटिया की 18 साल की उम्र के बाद उसका विवाह होने तक खाते को चलाया जा सकता है।

क्या सुकन्या समृद्धि खाते से समय से पहले धनराशि की निकासी की जा सकती?

आप निम्न स्थिति में सुकन्या समृद्धि खाते से समय से पहले धनराशि की निकासी कर सकते हैं-

  • सामान्य स्थिति में सुकन्या समृद्धि खाते धनराशि की निकासी निर्धारित अवधि 21 वर्ष से पहले नहीं की जा सकती है। किन्तु 18 साल की उम्र के बाद बिटिया की उच्च शिक्षा के खर्च के लिए 50 फीसदी तक धनराशि निकाली जा सकती है।
  • खाताधारक के 18 वर्ष पूर्ण होने पर उच्च शिक्षा के लिए सुकन्या समृद्धि योजना खाते से आंशिक निकासी के लिए एक लिखित आवेदन के साथ ही किसी शैक्षणिक संस्थान में एडमिशन ऑफर लैटर या फीस स्लिप की आवश्यकता होती है।

क्या सुकन्या समृद्धि खाता खोलने के लिए नियम व शर्तें भी हैं?

सुकन्या समृद्धि खाता खोलने के लिए नियम व शर्तें निम्नवत हैं –

  • सुकन्या समृद्धि योजना के तहत आप केवल अपनी बिटिया का ही खाता खुलवा सकते हैं।
  • इस खाते को एक बिटिया के माता-पिता या कानूनी अभिभावक द्वारा बिटिया के नाम से ही जन्म के बाद 10 वर्ष की अवधि के भीतर ही खोला जा सकता है।
  • नियमानुसार एक बच्ची के लिए केवल एक ही खाता खोला जा सकता है और उसमें धनराशि जमा की जा सकती है। इसका मतलब एक बच्ची के लिए दो खाता नहीं खोला जा सकते हैं।
  • सुकन्या समृद्धि योजना के तहत आप अपनी केवल 2  बिटियों का ही खाता खुलवा सकते हैं। लेकिन दुसरे बार में जुड़वाँ बेटियों के होने पर आप अपनी 3 बेटियों का भी सुकन्या समृद्धि खाता खुलवा सकते हैं। 
  • यदि खाताधारक का विवाह खाता खोलने के 21 वर्ष पूर्ण होने से पूर्व ही हो जाती है, तो खाते में रकम जमा नहीं कराई जा सकती है।
  • यदि खाता 21 साल पूर्ण होने से पहले बंद कराया जा रहा है, तो खाताधारक को यह इस बात का शपथ पत्र देना होगा कि खाता बंद करने के समय उसकी उम्र 18 साल से कम नहीं है।
  • सुकन्या समृद्धि योजना के तहत केवल भारतीय नागरिक का ही खाता खोला जा सकता है। वह नागरिक भारत में ही रह रहा हो और मैच्योरिटी के वक्त भी वह यहीं रह रहा हो।
  • कोई भी अप्रवासी भारतीय सुकन्या समृद्धि योजना में खाता नहीं खोल सकता है।
  • अगर खाता खोलने के बाद भी गर्ल चाइल्ड किसी अन्य देश में चली जाती है और वहां की नागरिकता ले लेती है, तो नागरिकता लेने के दिन से ही सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में जमा धनराशि पर ब्याज मिलना बंद हो जायेगा।

सुकन्या समृद्धि योजना में ब्याज किस प्रकार मिलता है?

साल 2016-17 में सुकन्या समृद्धि योजना में 9.1 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जा रहा था। किन्तु वर्तमान में सरकार गवर्नमेंट सिक्योरिटीज (जी-सेक) दर के अनुसार मिलने वाली यील्ड के हिसाब से तिमाही आधार पर सुकन्या समृद्धि योजना में मिलने वाली ब्याज दर का निर्धारण करती है।

वर्तमान में सुकन्या समृद्धि योजना में जमा की गयी रकम पर सरकार द्वारा 7.6 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है, जो किसी भी प्रकार की सुरक्षित निवेश स्कीम पर बैंक या पोस्ट ऑफिस द्वारा दिया जा रहा सबसे अधिक ब्याज है।

सुकन्या समृद्धि योजना के लिए कितनी धनराशि जरूरी है?

आप केवल 250 रूपये से सुकन्या समृद्धि योजना एकाउंट खुलवा सकते हैं, लेकिन इसके बाद जमा की जाने वाली रकम 100 रुपये के गुणांक में जमा कर सकते हैं। किसी एक वित्तीय वर्ष में कम से कम 250 रुपया आवश्यक रूप से जमा करना जरूरी है।

एक वित्तीय वर्ष में आप सुकन्या समृद्धि खाते में 500 रूपये से 1.5 लाख रुपये तक अधिकतम एक साथ अथवा किस्तों में जमा कर सकते हैं।

आप सुकन्या समृद्धि योजना खाते में खाता खोलने के दिन से 15 साल तक निवेश धनराशि जमा करा सकते हैं।

उदाहरण के लिए 8 वर्ष की बिटिया के मामले में जब वह 23 साल की हो जाये तब तक सुकन्या समृद्धि खाते में धनराशि जमा कराई जा सकती है। आपकी बिटिया के 23 से 29 साल के होने तक, जब तक सुकन्या समृद्धि योजना का खाता मैच्योर न हो जाये, उस खाते में जमा धनराशि पर ब्याज मिलता रहेगा।

सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश जमा नहीं हो पाई तब क्या होगा?

ऐसा सुकन्या समृद्धि योजना अकाउंट जिसमें नियमित निवेश धनराशि के साथ ही वित्तीय वर्ष के लिए आवश्यक न्यूनतम रकम भी जमा नहीं हुई है। ऐसे खाते को 50 रुपये सालाना की पेनाल्टी देकर फिर से शुरू कराया जा सकता है। इसके साथ ही प्रत्येक वर्ष के लिए निर्धारित न्यूनतम जमा कराई जाने वाली धनराशि भी सुकन्या समृद्धि योजना अकाउंट जमा करनी होगी।

पेनल्टी नहीं चुकाने की स्थिति में सुकन्या समृद्धि खाते में जमा धनराशि में बैंक या पोस्ट ऑफिस के सेविंग एकाउंट के बराबर ही ब्याज का लाभ मिलेगा। पोस्ट ऑफिस में सामान्य ब्याज की दरें लगभग 5 फीसदी के करीब हैं।

सुकन्या समृद्धि योजना खाते में निवेश धनराशि कैसे जमा करा सकते हैं?

आप अपने बिटिया के सुकन्या समृद्धि खाते में जमा की जाने वाली धनराशि को कैश, चैक, डिमांड ड्राफ्ट या ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसफर मोड से भी कर सकते हैं। यह संबंधित पोस्ट ऑफिस या बैंक में कोर बैंकिंग सिस्टम की उपलब्धता पर निर्भर करता है।

क्या मैच्योरिटी से पहले सुकन्या समृद्धि योजना का खाता बंद किया जा सकता है?

सुकन्या समृद्धि योजना खाता धारक की मृत्यु होने पर डेथ सर्टिफिकेट दिखाकर खाता बंद कराया जा सकता है। इस स्थिति में खाते में जमा रकम उस बिटिया के अभिभावक को ब्याज सहित वापस लौटा दी जाती है।

इसके अतिरिक्त परिवार में किसी सदस्य को गंभीर बीमारी होने पर उसके इलाज के लिए भी धनराशि निकाले का प्रावधान किया गया है।

यदि कोई व्यक्ति उक्त स्थितियों के अतिरिक्त सामान्य स्थिति में सुकन्या समृद्धि खाते से पैसे की निकासी चाहता है, तो ऐसे में योजना में मिलने वाले ब्याज के विपरीत सामान्य ब्याज दरों के अनुसार ही धनराशि निकासी का प्रावधान है।

क्या सुकन्या समृद्धि खाता ट्रांसफर किया जा सकता है?

सुकन्या समृद्धि योजना का खाता आवश्यकता पड़ने पर आप भारत भर में आप जहाँ भी रहें अपनी सुविधा के मुताबिक अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस या किसी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा में ट्रांसफर कर सकते हैं। खाताधारक के खाता खोलने के मूल स्थान से कहीं अन्य स्थान में शिफ्ट हो जाने पर खाते को फ्री में ट्रांसफर करने की सुविधा उपलब्ध है।

सुकन्या समृद्धि खाते को ट्रांसफर करने के लिए जिस बैंक या पोस्ट ऑफिस में आपका खाता है वहाँ आपको आवेदन करना होगा। इस दौरान आपको अपने केवाईसी दस्तावेज एवं उस बैंक अथवा पोस्ट ऑफिस का नाम, पता, ब्रांच कोड या आई.एफ.एस.सी. कोड आदि विवरण भी देना होगा, जिसके बाद निधारित प्रक्रिया से आपका सुकन्या समृद्धि खाता ट्रांसफर कर दिया जायेगा।

क्या सुकन्या समृद्धि खाते में मैच्योरिटी के समय मिलने वाले ब्याज में टैक्स देना पड़ता है?

सुकन्या समृद्धि खाते में मैच्योरिटी के समय मिलने वाली रकम एवं उसमें मिलने वाली ब्याज की रकम हर प्रकार से टैक्स फ्री होती है। यानि आपको इस रकम पर किसी प्रकार का टैक्स नहीं देना पड़ता है।

जानकारी का स्रोतः

उक्त सूचनाओं को वित्त मंत्रालय, नेशनल सेविंग्स इंस्टीट्यूट और रिजर्व बैंक की वेबसाइट से जुटाया गया है। हमारे पाठकों को समझने में आसानी हो, इसके लिए आलेख को आसान भाषा में लिखने का प्रयास किया गया है।

चूंकि यह एक सरकारी योजना है और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में समय-समय पर आंशिक बदलाव होते रहते हैं। इसलिए आपको यह सुझाव भी दिया जाता है कि, आप इस योजना को प्रारंभ करने से पूर्व सम्बंधित बैंक या पोस्ट ऑफिस से योजना की विस्तृत जानकारी अवश्य प्राप्त करें लें।

तो दोस्तों आशा है योजना के बारे में आपके अधिकतर सवालों के जवाब  आपको जरुर मिले होंगे। आपको “सुकन्या समृद्धि योजना” के बारे में दी गई यह जानकारी कैसी लगी हमें जरूर बताईये। 

इसी  प्रकार की कृषि, उद्यमिता , बीमा , निवेश व कृषि  उत्पाद से जुड़ी जानकारी निरंतर प्राप्त करने के लिए हमारी वेबसाइट पर स्वयं को रजिस्टर कीजिए एवं हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब कीजिए।

हमारा YouTube चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए-  Subscribe YouTube

आलेख:

baatpahaadki.com

Leave a Comment